Welcome to BASTAR TARMINAL   Click to listen highlighted text! Welcome to BASTAR TARMINAL
छत्तीसगढ़बस्तरबीजापुर

महाशिवरात्रि पर बीजापुर अटल आवास में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, नव निर्मित शिव मंदिर में संपन्न हुई भव्य प्राण प्रतिष्ठा

बीजापुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अटल आवास, चिकटराज वार्ड क्रमांक-14 में नव निर्मित शिव मंदिर की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने पूरे वार्ड को शिवमय बना दिया।

अटल आवास मंदिर समिति के तत्वावधान में शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। बीजापुर स्थित गायत्री मंदिर से शिवलिंग को विधिवत पूजन के पश्चात बाजा-गाजा, डीजे और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ नव निर्मित मंदिर तक लाया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए। रास्ते भर भक्तों ने फूल वर्षा कर शिवलिंग का स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया।

मंदिर प्रांगण पहुंचने के बाद देर रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। स्थानीय भजन मंडलियों ने शिव भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। श्रद्धा और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला कि देर रात तक मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा।

रविवार को प्रातः काल वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग को विधिवत गर्भगृह में स्थापित किया गया। पूजन-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की उन्नति की कामना की।

प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात अटल आवास परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। नगर एवं वार्ड के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और वार्डवासियों का सहयोग सराहनीय रहा।

इस अवसर पर अटल आवास मंदिर समिति के पदाधिकारी, वार्ड की पार्षद एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी प्रेरणादायक संदेश दिया। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर अटल आवास का नव निर्मित शिव मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए आस्था का नया केंद्र बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!