
बीजापुर – केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को देश के सर्वांगीण विकास, गरीब-किसान-युवा-महिला कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला बताते हुए जिला महामंत्री महिला मोर्चा बीजापुर श्रीमती पुष्पा सिन्हा ने इसकी सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है।

पुष्पा सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, क्षेत्रीय मेडिकल हब, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा और खेलो इंडिया जैसी योजनाएं आम नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाने वाली हैं। इससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि युवाओं को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में नारियल, चंदन, कोको और काजू जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने, किसानों के लिए एग्रीस्टैक, आईसीएआर पैकेज से जुड़ा एआई टूल ‘भारत-विस्तार’ और मत्स्य पालन मूल्य श्रृंखला को सशक्त करने जैसे कदम किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे।
महिला सशक्तिकरण को लेकर बजट में किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हर जिले में महिला छात्रावास, ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए ‘शी-मार्ट’, दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांगजन कौशल योजना एवं दिव्यांग सहारा योजना जैसी पहलों से महिलाओं और दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
जिला महामंत्री ने कहा कि बजट में गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, युवा और महिलाओं के हितों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे। साथ ही नगर विकास, स्वच्छता, आवास, पेयजल, सड़क, रेल और शहरी अधोसंरचना के लिए किए गए प्रावधानों से नगर निकायों को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
उन्होंने कहा कि कृषि, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, स्वरोजगार और युवाओं के कौशल विकास पर दिए गए विशेष जोर से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पुष्पा सिन्हा ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक ग्रोथ को गति देगा और सबका साथ, सबका विकास की भावना को और सशक्त करेगा। यह बजट आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देने वाला है।
अंत में उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत को विश्व पटल पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।




