


बीजापुर – जिला बीजापुर के थाना तर्रेम क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सशस्त्र माओवादी मारा गया। मुठभेड़ स्थल से ऑटोमैटिक हथियार AK-47, विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण बस्तर डिवीजन के DVCM उधम सिंह तथा अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर DRG बीजापुर और कोबरा की संयुक्त टीम अभियान पर निकली थी। 05 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे से जंगल क्षेत्र में दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से DVCM उधम सिंह का शव बरामद हुआ, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि मारे गए माओवादी की प्रारंभिक पहचान DVCM उधम सिंह के रूप में हुई है, जो प्लाटून नंबर-30 का इंचार्ज था। वह थाना बासागुड़ा क्षेत्र के कोत्तागुड़ा का निवासी था और वर्ष 2002-03 में संगठन में शामिल हुआ था। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ वह पिछले तीन वर्षों से पामेड़ एरिया कमेटी में कार्यरत था। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उधम सिंह कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है, जिनमें वर्ष 2023 में थाना तर्रेम क्षेत्र के गुण्डम जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला, वर्ष 2024 में पुतकेल-चिपुरभट्टी जंगल में मुठभेड़ तथा वर्ष 2024 में जिड़पल्ली कैंप पर हमला शामिल है।
मुठभेड़ स्थल की तलाशी में AK-47 राइफल, मैग्जीन व राउंड, कार्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, मोबाइल, पिट्ठू, टिफिन बैग सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के तर्रेम थाना अंतर्गत चलाए गए इस अभियान में सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वहीं, बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., उप महानिरीक्षक ऑप्स केरिपु बीजापुर सेक्टर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान और मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों में 163 माओवादी मारे गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 11 माओवादी ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक चले माओवादी विरोधी अभियानों में कुल 232 माओवादी मारे गए, 1163 गिरफ्तार हुए और 888 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की है।




