

बीजापुर
दिशांत संजीवनी वेलफेयर सोसायटी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैरमगढ़ में भर्ती मरीजों एवं उनके साथ आए परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन एवं अंडा वितरण की शुरुआत की गई। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को भोजन वितरित किया गया।
सोसायटी ने निर्णय लिया है कि अब प्रत्येक रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैरमगढ़ में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को नियमित रूप से निःशुल्क भोजन और अंडा उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
सोसायटी के सदस्यों ने बताया कि यह सेवा पूरी तरह मानवीय और सामाजिक उद्देश्य से शुरू की गई है तथा इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। भोजन वितरण के दौरान अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए सोसायटी के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि पूर्व युवा आयोग सदस्य अजय सिंह के पुत्र का कुछ समय पहले हृदयाघात (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया था। उनके पुत्र की स्मृति में इससे पहले भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। अब उसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए दिशांत संजीवनी वेलफेयर सोसायटी ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण का यह अभियान शुरू किया है।




