
बीजापुर – केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को समूचे छत्तीसगढ़ और बस्तर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाला बताते हुए विधानसभा प्रभारी श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने वाला विज़न डॉक्यूमेंट है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मद्दी ने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के प्रति संवेदनशील है और इस बजट में बस्तर जैसे खनन-समृद्ध जिलों को सीधा लाभ मिलने की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने बजट को नवोत्थान और वैश्विक भारत की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करने वाला बताया।
श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि यह बजट देश के अगले 25 वर्षों के विकास का मार्गदर्शन करेगा। इसमें तीन विशेष कर्तव्यों को ध्यान में रखते हुए आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त भारत के निर्माण की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। साथ ही 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए आगामी पांच वर्षों के लिए विकास की ठोस दिशा तय की गई है।
उन्होंने विश्वास जताया कि बजट में निर्धारित लक्ष्यों के माध्यम से देश बिजली, बुनियादी ढांचा, शहरी विकास और औद्योगिक विस्तार जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति करेगा। यह बजट समावेशी विकास की ओर बढ़ता हुआ एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला महामंत्री संजय लुक्कड़, फूलचंद गागड़ा, जिला उपाध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर, एसटी मोर्चा प्रदेश मंत्री राम राना, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जागर लक्षमैय्या सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




