

बीजापुर। जिले में धान खरीदी के बाद उठाव की धीमी रफ्तार ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। सहकारी समिति कर्मचारी संघ, जिला बीजापुर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है।
संघ के अनुसार जिले के 30 उपार्जन केंद्रों में कुल 110617.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। उठाव के लिए डीओ/टीओ जारी होने के बावजूद अब तक केवल करीब 45 प्रतिशत धान का ही उठाव हो पाया है, जबकि 60395.22 मीट्रिक टन धान अभी भी केंद्रों में पड़ा हुआ है।
आवेदन में बताया गया है कि लंबे समय तक धान के खुले में पड़े रहने से बारिश, दीमक और चूहों से नुकसान का खतरा बढ़ गया है, जिससे धान की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और सड़ने की स्थिति बन रही है।
संघ ने यह भी बताया कि डीओ/टीओ कटने के बावजूद समय पर उठाव नहीं हो रहा, जिससे केंद्रों में अव्यवस्था बढ़ रही है। वहीं हमालों द्वारा नियमित मजदूरी की मांग को लेकर भी दबाव बनाया जा रहा है, क्योंकि परिवहन कार्य सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा।
उपार्जन नीति के तहत 10 दिनों के भीतर उठाव का प्रावधान है, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा। 31 मार्च तक पूरा उठाव होना है, मगर मौजूदा हालात को देखते हुए यह लक्ष्य अधूरा रह सकता है।
संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि जिला विपणन अधिकारी को निर्देशित कर जल्द धान उठाव सुनिश्चित कराया जाए, ताकि नुकसान से बचा जा सके और व्यवस्था सामान्य हो सके।।




